जीत का जश्न मातम में बदला, उप प्रमुख सहित दो की मौत

AJ डेस्क: दुमका मसानजोर थाना क्षेत्र के सिउड़ी मार्ग पर मसानजोर डैम के पास भीषण सड़क हादसे में रानीश्वर के नव निर्वाचित उप प्रमुख समेत एक व्यक्ति की मौत हो गयी। जबकि इस दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये हैं।

 

 

जिनमें से पांच को बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल रेफर कर दिया गया है। इस दुर्घटना में घायल दो लोगों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। यह दुर्घटना उस वक्त घटी जब रानीश्वर में हुए प्रमुख व उप प्रमुख के चुनाव के बाद उप प्रमुख रंजीत दास अपने समर्थकों के साथ मसानजोर डैम के पास महामाया होटल के करीब जश्न मनाने के लिए रूके थे। इसी दौरान उधर से गुजर रहे एक ट्रक का चक्का ब्लास्ट हो गया। जिससे वहां खड़े स्कार्पियो व आसपास मौजूद लोगों को रौंदते हुए वह ट्रक आगे बढ़ गया। इस दुर्घटना में उप प्रमुख रंजीत दास और पारा शिक्षक लिटिल पाण्डेय की मौत हो गयी है।

 

 

जानकारी के अनुसार मसानजोर थाना के पास स्थित महामाया होटल और थाना के बीच में बस पड़ाव है। यहीं उप प्रमुख और उनके समर्थक अपनी गाड़ी पार्क कर जीत का जश्न मना रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रक का चक्का फट गया। जिससे ट्रक अनियंत्रित हो गया और जश्न मना रहे लोगों को रौंद डाला। इस दौरान पीछे से आ रहे एक और ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और वह भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना के चपेट में मसानजोर थाना भी आ गया हलांकि किसी पुलिस कर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।

 

 

इस भीषण हादसे में दर्जन भर लोगों के ट्रक के चपेट में आने से वहां चीख-पुकार मच गया। आनन-फानन में घायलों में से पांच रानीश्वर सीएचसी ले जाया गया जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। जबकि पांच घायलों के मसानजोर में ही होने की बात बतायी जा रही है। दुर्घटना में मौत से आक्रोशित भीड़ ने ट्रक चालक को धर दबोचा और उसके साथ जमकर मारपीट की। यहां बता दें कि शुक्रवार को ही रानीश्वर में प्रमुख एवं उपप्रमुख चुनाव हुआ था। इस चुनाव में रंजीत दास ने 17 मत लाकर उपप्रमुख बने थे। उप प्रमुख के पद पर शपथ ग्रहण करने के बाद वह अपने समर्थकों के साथ मसानजोर में पार्टी कर रहे थे कि इस दोरान हुई भीषण दुर्घटना में उनकी और पारा शिक्षक की मौत हो गयी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »