जैविक टमाटर से निर्मित “किंग्स ऑर्गेनिक कैचप” आ गया बाजार में, मंत्री ने किया लॉन्च
AJ डेस्क: स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि किंग्स ऑर्गेनिक का टमाटर कैचप देश के सभी ब्रांड को पछाड़ देगा। जैविक टमाटर की सॉस फैक्ट्री पूरे देश में केवल धनबाद के गोविंदपुर में है और इस फैक्ट्री से कोयलांचल वासियों को शुद्ध एवं स्वास्थ्य वर्धक सॉस मिलेगा। उक्त बातें मंत्री ने मंगलवार को धनबाद स्थित गुर्जर क्षत्रिय समाज भवन में ऑर्गेनिक किंग्स के विभिन्न उत्पादों की लॉन्चिंग समारोह के पूर्व कही।
उन्होंने कहा कि कोपल के इस जैविक सॉस फैक्ट्री को स्थापित करने में झारखंड पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता अशोक कुमार सिंह ने खून पसीना एक किया है और उन्होंने संकल्प लिया है कि वह जैविक खेती से उपजे टमाटर से ही सॉस का उत्पादन करेंगे। दूसरी कंपनियां रासायनिक खाद के उत्पाद से और विभिन्न रसायनों से सॉस का उत्पादन करती है। मंत्री ने कहां की रासायनिक खाद के इस युग में भी जैविक टमाटर सॉस का उत्पादन वास्तव में बड़ी बात है और उनका तथा उनके मंत्रालय का पूरा सहयोग रहेगा।
महागामा की विधायक दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण कार्य में अशोक सिंह सफल होंगे। झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने खेती किसानी को बढ़ावा देने तथा जैविक टमाटर उत्पादन तथा किसानों को स्वालंबी बनाने और टमाटर सॉस फैक्ट्री की स्थापना के लिए अशोक सिंह का आभार प्रकट किया। बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा ने कहा कि आज के इस दौर में भी किसानों को व्यक्तिगत तौर पर मदद देकर स्वालंबी बनाने का काम केवल अशोक सिंह जैसे समाजसेवी ही कर सकते हैं। के के ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन के चेयरमैन रवि चौधरी ने कोपल के इस अभियान की सराहना की तथा कहा कि इस ऑर्गेनिक केचप की मांग पूरे देश में होगी।
वहीं आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डीएन सिंह, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बजेंद्र प्रसाद सिंह मारवाड़ी महिला समिति की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुणा भगानिया व निर्मला तुलसियान ने कहा कि इससे किसान भी स्वालंबी होंगे तथा लोगों को शुद्ध स्वादिष्ट एवं स्वास्थ्य वर्धक केचप भी मिलेगा। इस मौके पर कोपल के संरक्षक मार्गदर्शक अशोक सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि कोपल की मुहिम की हरित क्रांति में टमाटर और अन्य सब्जियों के उत्पादन के साथ स्वेत क्रांति के तहत किसानों को दुधारू गाय उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि धनबाद को शुद्ध दूध मिल सके और किसान आर्थिक रूप से समृद्ध बन सकें। उन्होंने किसानों को भरोसा दिया कि वे किसानों की हर परिस्थिति में साथ हैं।
