वर्चस्व की लड़ाई : जलेश्वर समर्थक को लगी गोली, दो पकड़ाए

AJ डेस्क: कोयले में वर्चस्‍व की लड़ाई को लेकर बुधवार को धनबाद में एक बार फिर खून बहा है। केंदुआडीह और लोयाबाद थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित गडेरिया नीम तल्ला बस्ती के पास आज दोपहर कांग्रेस के कार्यकारी अध्‍यक्ष जलेश्‍वर महतो के समर्थक मुकेश तुरी को गोली मार दी गई। गोली उसके गले में लगी है। युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। इलाज के लिए उसे रांची रेफर कर दिया गया है। इधर, घटना के बाद जलेश्‍वर समर्थकों ने घटना में शामिल दो युवकों को पकड़ कर उनकी धुनाई करते हुए उन्‍हें पुलिस के हवाले कर दिया है।

 

 

बताया जाता है कि गोलीबारी के बाद घटनास्‍थल पर अफरातफरी मच गई। पकड़े गए दोनों लोगों ने मामले में अपनी संलिप्‍तता स्‍वीकार ली है। घटनास्‍थल पर कई थानों की पुलिस मौजूद है। पकड़े गए दोनों लोग केंदुआडीह थाना क्षेत्र के रहनेवाले हैं। उनसे डीएसपी अरविंद बिन्‍हा पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस ने मौके से नौ बाइक और एक कारतूस जब्त किया है। जब्त वाहनों को केंदुआडीह थाना ले जाया गया है। पकड़े गए आरोपितों ने मामले को बाघमारा विधायक ढुलू महतो के इशारे पर अंजाम देने की बात कही है।

 

 

उन्‍होंने कहा कि विधायक के इशारे पर ही गोली चलाई गई। हालांकि यह सुपारी किसी और को मारने के लिए दी गई थी, लेकिन गोली मुकेश तुरी को लग गई। बांसजोड़ा कांटा घर पर विधायक ढुलू महतो समर्थक डीओ धारक की गाड़ियां कांटा करवाने के लिए आने वाली थीं। जलेश्वर महतो के समर्थकों को जानकारी मिली कि यहां पर काफी लोगों का जमावड़ा है। जलेश्वर समर्थक जब वहां पहुंचे तो दोनों पक्षों के लोगों में कहासुनी हुई। इसी बीच एक युवक ने रिवाॅल्वर निकालकर मुकेश पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद सब वहीं अपनी बाइक छोड़ भागने निकले। भगदड़ में जलेश्वर समर्थकों ने ढुल्लू महतो समर्थक के दो लोगों को धर दबोचा। पकड़े गए युवकों ने अपना नाम कुमार और विक्की कुमार गुप्ता बताया है।

 

 

बताया जा रहा है कि युवको से पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने पुलिस को बताया है कि विधायक ने पांच लाख रुपये की सुपारी विक्‍की डोम को दी थी, जिसमें से उन्‍हें एक लाख 70 हजार रुपये मिले। आज वह यहां जलेश्‍वर समर्थक राम रहीम को मारने के लिए पहुंचे थे। राम रहीम ने बुधवार को कांटा घर बंद करवा रखा था। बताया जाता है कि उसका कहना था कि रघुवर राज में भी एक पक्ष ने कांटा घर बंद कराया था। इधर, घटनास्‍थल पर सुबह से ही विधायक ढुलू महतो के समर्थक की डीओ की गाड़ी लगने से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी। इसी बीच यह घटना घटी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »