तिसरा गोलीकांड : आखिर कौन है मुकेश, जिसके चलते सोनू जिंदगी और मौत से लड़ रहा है जंग
अरुण कुमार तिवारी…
AJ डेस्क: कड़ाके की ठंड पड़ रही है।रात नौ बजते बजते लोग घरों में दुबक जा रहे हैं। लेकिन ऊर्जा देने वाली कोयला के खेल में सर्द की मध्य रात्रि में गोलियों की तड़तड़ाहट ने न सिर्फ तिसरा थाना क्षेत्र बल्कि झरिया कोयलांचल को गरमा दिया है।
तिसरा थाना के समीप ही रविवार की देर रात गोली चली है। सोनू सिंह को दो गोली लगी है। सोनू के भाई मोनू सिंह ने कैमरा के सामने झरिया की विधायक पूर्णिमा सिंह के देवर एकलव्य सिंह पर सीधे सीधे गोली चलाने का आरोप लगाया है। अब तक सबके सामने यही है कि एकलव्य और उसके समर्थकों ने गोली चलाई, जिसमे सोनू सिंह गंभीर रूप से जख्मी होकर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। गोलीबारी की घटना के बाद बड़ी ही तेजी से हवा में एक नाम तैरने लगा।वह नाम है “मुकेश सिंह” का।यह मुकेश सिंह कौन है, इसकी क्या भूमिका है, आखिरकार गोलीबारी के संदर्भ में मुकेश का नाम क्यों उछल रहा है।

क्षेत्र से छन छन कर जो बात आ रही है, उसके अनुसार मुकेश इन दिनों सिंदरी पुलिस अनुमंडल में अवैध कोयला जगत का सरदार बना हुआ है। झरिया, तीसरा, लोदना, अलकडीहा क्षेत्र में आजकल इसकी तूती बोलती है। जानकार कहते हैं कि काला हीरा के काला खेल में देखते देखते मुकेश माहिर खिलाड़ी बन गया है और उसने पुराने कई घाघ को पटखनी दे रखा है।

तिसरा थाना क्षेत्र में रविवार की रात घटित गोलीबारी की घटना में कोयलांचल के दो परस्पर घोर विरोधी घराने आमने सामने हो गए हैं। आखिर मुकेश ने ऐसा क्या जलवा बिखेरा कि गोलीबारी की नौबत आ गई। यह जांच का विषय है। जख्मी और आरोपी का नाम तो सार्वजनिक हो गया है लेकिन कोयला के अवैध कारोबारी कहे जाने वाले “मुकेश” का चेहरा भी बेनकाब करने की जरूरत है।
