हजारीबाग में हाथी का आतंक, एक व्यक्ति को मार डाला

AJ डेस्क: वैसे तो हाथियों के उत्पात की घटना आए दिन हमारे सामने आती रहती हैं, लेकिन हजारीबाग शहरी क्षेत्र में आज तड़के जिस तरह से एक हाथी ने उत्पात मचाते हुए एक व्यक्ति को कुचल कर मार डाला और एक अन्य युवती को घायल किया, इससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। लोगों में घटना को लेकर वन विभाग के प्रति इतना आक्रोश भर गया कि लोगों ने हजारीबाग चतरा मार्ग को खिरगांव मैला टांड़ के समीप जाम कर दिया।

 

 

प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो दामोदर साव नाम का व्यक्ति आज अहले सुबह अपने भिंडी के खेत में काम करने गया था, जहां हाथी ने उसे अपने चपेट में ले लिया। इसके साथ ही उसके बगल के खेत में कार्य कर रहा व्यक्ति बाबू साव अहले सुबह से ही गायब बताया जा रहा है। वहीं नाला के पास की रहने वाली एक अन्य 26 वर्षीय महिला रिंकी कुमारी को भी हाथी ने घायल कर दिया है। जिसे सदर अस्पताल हजारीबाग इलाज के लिए भेजा गया। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया है।

 

 

 

 

मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और हाथी को खदेड़ने का अभियान जारी कर दिया है, लेकिन लोगों की भारी भीड़ और सड़क मार्ग को जाम कर देने के कारण वन विभाग के अधिकारियों को हाथी को खदेड़ने में काफी असुविधा हो रही है। वन विभाग की एसीएफ एके परमार ने बताया कि हाथी घायल है। इसी कारण वह उत्पात मचा रहा है। घायल हाथी हजारीबाग के सरदार चौक तक पहुंचा था, जहां से वापस खीरगांव की ओर आया। उन्होंने यह भी बताया कि हाथियों का यह बेहद पुराना रूट है जिस कारण हाथी रिहायशी इलाके में घुस आते हैं।

 

 

मृतक के परिजनों ने सरकार से मुआवजे एवं सरकारी नौकरी की मांग की है। हजारीबाग के रेलवे स्टेशन के करीब कचरा डंप करने के मैदान यानि मैंला टांड़ में अभी हाथी के होने की खबर आ रही है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »