PNB के सोनपुर ब्रांच से 12 लाख की लूट, अपराधियों की गोली से चौकीदार की मौत

AJ डेस्क: सारण के सोनपुर में पंजाब नेशनल बैंक में दिनदहाड़े लूट हुई है। मौके पर 2 होमगार्ड जवानों को गोली भी मारी गई है। इनमें से एक की मौत हो गई है। उसे सिर में गोली लगी है। दूसरे को सीने पर गोली मारी, उसे गंभीर हालत में पटना के PMCH रेफर कर दिया गया है। लूटी गई रकम फिलहाल 12 लाख बताई जा रही है।
बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में ये पूरी वारदात कैद हो गई। सीसीटीवी में दिख रहा है कि रोज की तरह बैंक में काम चल रहा है। तभी 5 लड़के बैंक के अंदर दाखिल होते हैं। थोड़ी देर में सभी अपनी जेब से पिस्टल निकालते हैं। जैसे ही गार्ड एक्टिव होते हैं। अपराधी सीधे फायर करना शुरू कर देते हैं। एक गार्ड को सीने में गोली मारता है। गार्ड भी अपनी रायफल उठाकर गोली मारने की कोशिश करता है, लेकिन तब तक उसे गोली लग चुकी थी। इसके बाद वो फर्श पर गिर जाता है। थोड़ी देर बाद बदमाश गार्ड की रायफल उठाकर अंदर चला जाता है।
घटना सोनपुर में DRM ऑफिस के पास के ब्रांच की है। मौके पर अफरातफरी का माहौल है। बैंक में मौजूद महिला कर्मी के अनुसार गुरुवार को करीब साढ़े 12 बजे 5 की संख्या में अपराधी आए। मौके पर कई राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस की टीम ने नाकेबंदी कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मारे गए गार्ड की पहचान 55 साल के महेश साह के तौर पर हुई है। वहीं दूसरा जवान नरेश राय है। दोनों सोनपुर थाना क्षेत्र के गोविंदचक गांव के रहनेवाले थे। मौके पर सारण एसपी गौरव मंगला भी पहुंचे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिया है। लूटपाट की इस घटना के बाद आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया है।