तालिबानी फरमान : युवती का बाल काट गांव में घुमाया

AJ डेस्क: लड़की ने शादी से इनकार किया, तो लड़की का सिर मुंडवाकर पूरे गांव में घुमाया गया। लड़की के साथ मारपीट भी की गयी। मामला झारखंड के पलामू इलाके के पाटन थाना क्षेत्र का है। लड़की के पिता का देहांत हो चुका है। एक भाई और तीन बहनों में लड़की सबसे छोटी है।
घरवालों ने उसकी शादी तय की। 20 अप्रैल शादी की तारीख थी। लड़की मना करती रही की वह शादी नहीं करना चाहती, लेकिन घरवाले नहीं मानें। लड़की की शादी की तैयारी होनी लगी। बारात दरवाजे तक पहुंच गयी। लड़की शादी नहीं करना चाहती थी तो वो घर से भाग गयी। गांव वालों को आशंका थी कि उसका प्रेम प्रसंग चल रहा है जबकि लड़की किसी तरह के प्रेम प्रसंग से इनकार कर रही है।
मामला शांत होने के बाद पाटन थाना के जोगीडीह से भागी लड़की 20 दिनों के बाद वापस लौटी । लड़की जब घर लौटी तो गांव वाले नाराज हो गये। पंचायत बैठी पंचायत में यह आदेश दिया गया कि लड़की के बाल हटा दिए जाएं और उसे पूरी पंचायत में घुमाया जाए। युवती की अपनी भाभी ने लड़की के बाल काटे और उसे पूरी पंचायत में घुमाया। इसके बाद लड़की को गांव के बाहर एक जंगल में छोड़ दिया गया। बताया जाता है कि इस दौरान लड़की के साथ मारपीट भी की गयी। गांव वाले लगातार उसके प्रेम संबंध के सवाल पूछते रहे, तरह-तरह का लांछन लगाया।
इस बीच लड़की चुपचाप रही गांव वालों ने उसे जंगल में ले जाकर छोड़ दिया। अचानक पुलिस को इस पूरे मामले की जानकारी मिली। जंगल में लड़की की खोजबीन शुरू हुई। लड़की को पाटन तरहसी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके से बरामद किया गया। लड़की एक पेड़ के नीचे बैठी रो रही थी। पाटन थाना प्रभारी गुलशन गौरव ने इस मामले पर कहा कि हमने सबसे पहले पीड़ित युवती को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया है। एफआईआर की प्रक्रिया शुरू की गई है।