बोकारो : बड़ा हादसा टला, घरों में फंसे 21लोगों को रेस्क्यू कर निकाला
AJ डेस्क: बोकारो स्टील सिटी के आवासीय परिसर में रविवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां एक आवासीय क्वार्टर की सीढ़ी भरभरा कर ढह गई। नजीता यह हुआ कि आवासीय ब्लॉक के क्वार्टरों में रहने वाले लगभग 21 लोग घरों में फंस गए। बाद में इसकी सूचना स्टील सिटी प्रबंधन को दी गई। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची बोकारो स्टील की फायर ब्रिगेड और सीआईएसएफ की टीम ने 21 लोगों को रेस्क्यू कर घरों से बाहर निकाला।
बोकारो स्टील प्लांट के आवासीय परिसर को स्टील सिटी के नाम से जाना जाता है। यह आवासीय परिसर कई सेक्टर में बसे हुए हैं। इनमें से अधिकांश की हालत खराब हो चुकी है। रविवार को ऐसे ही खराब आवासीय परिसर के एक ब्लॉक की सीढी ढह गई। यह घटना सेक्टर 12 की है। जिस ब्लॉक की सीढ़ी गिरी वहां की महिलाओं ने बताया कि लगभग 12 बहुत जोरों की आवाज आयी। हड़बड़ा कर जब बाहर निकले तो देखा की सीढ़ी और पानी टंकी पूरी तरह से भरभरा कर गिरी हुई है। हालांकि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आयी है।
सीढ़ी और पानी टंकी पूरी तरह से भरभरा कर गिर जाने के बाद क्वाटरों में कई लोग फंस गए। बोकारो स्टील सिटी की फायर ब्रिगेड की टीम के अनुसार कुल 21 लोगों को घरों से निकाला गया है। इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्टील सिटी प्रबंधन को इस घटना की जानकारी दे दी गयी है। जानकारी के मुताबिक टंकी से पानी के रिसाव के कारण ब्लॉक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त था। इसी वजह से यह घटना घटी है।
इस आवासीय परिसर में रहने वाले लोगों में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि प्रबंधन किसी तरह की कोई जिम्मेदारी नहीं लेता है। उन आवास में रह रहे लोगों का कहना है कि अब उनके आवास का छत ही गिरना बाकि है। लोग बताते हैं कि हमलोग किसी तरह दहशत के बीच सुबह होने का इंतजार करते हैं। वहीं रेस्क्यू करने आए सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट कहना है कि ब्लॉक काफी क्षतिग्रस्त है। ऐसे में फिर से कोई घटना हो सकती है। इसे पूरी तरह से खाली करना होगा।
