क्रिया प्रतिक्रिया: कोयला चोरों के खेल में वर्दीधारी सस्पेंड
AJ डेस्क: “एक्शन पर रिएक्शन”। कोयला चोरों के दो गुट के बीच जारी क्रिया प्रतिक्रिया का खेल अपना रंग दिखाने लगा है। पुटकी में दो हाइवा कोयला पकड़ा जाना फिर भागाबांध में एक ट्रक कोयला पकड़ा जाना, कोयला सहित ट्रक का पुलिस हिरासत से गायब हो जाना और फिर थानेदार का सस्पेंड हो जाना, इन सभी को क्रिया प्रतिक्रिया के खेल से जोड़कर देखा जा रहा है।
जानकार बताते हैं कि कुसुंडा बरारी कोक प्लांट क्षेत्र के अर्जुन, आर्या और राजेन्द्र ने मुखबिरी कर पुटकी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला का कारोबार कर रहे रितोलिया का दो हाइवा पकड़वा दिया था। यह एक्शन था। अब रिएक्शन होता है और अर्जुन, आर्या, राजेन्द्र का एक ट्रक कोयला पकड़ा जाता है।
कोयला के अवैध कारोबार में घाघ हो चुके अर्जुन, आर्या, राजेंद्र ने रिएक्शन शो करते हुए पुलिस कस्टडी से कोयला सहित ट्रक भगवा दिया। हालांकि इसका खामियाजा भागा बांध के प्रभारी को भुगतना पड़ा और वह सस्पेंड कर दिए गए। खेल यहीं खत्म नहीं हुआ है। पुटकी थाना क्षेत्र में भंडारण किए गए 250 बोड़ा कोयला फिर जब्त किया गया है।
क्षेत्र में दो गुटों के बीच जारी एक्शन रिएक्शन के खेल पर सबकी निगाहें हैं। पुलिस प्रशासन इस खेल पर अंकुश लगा पाती है या इस खेल से क्षेत्र का माहौल गरमाएगा, यह आने वाला समय ही बताएगा।
