वृहद पौधा रोपण से उत्पन्न करें कार्बन क्रेडिट – उपायुक्त
AJ डेस्क :उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर धनबाद नगर निगम एवं आईआईटी आईएसएम के डिपार्मेंट ऑफ एनवायरमेंटल साइंस एंड इंजीनियरिंग द्वारा स्वच्छ हवा के लिए नवाचार पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि कहा कि कार्बन क्रेडिट उत्पन्न करने के लिए वृहद पौधारोपण करें। इसकी शुरुआत धनबाद नगर निगम एवं आईआईटी आईएसएम कुछ योजनाएं लेकर कर सकते हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक से सड़क बनाएं। भरावक्षेत्र वाली भुमि (लैंडफिल साइट) को पार्क या अर्बन फॉरेस्ट्री में विकसित करें।उपायुक्त ने कहा कि आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है। धनबाद जिले में पानी की समस्या है। इसे दूर करने के लिए जल संरक्षण की योजनाएं भी शुरू होनी चाहिए। जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए कुछ ठोस करने की जरूरत है। आईआईटी आईएसएम इसके लिए सक्षम है। संस्थान के विशेषज्ञ एवं छात्रों में कुछ नया करने का जुनून है। पर्यावरण अनुकूल नवाचार की दिशा में कदम बढ़ाएं। जिला पशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री रवि राज शर्मा ने कहा कि नगर निगम ने प्रदूषण रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं। प्लास्टिक के उपयोग की रोकथाम के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। वायु गुणवत्ता में सुधार करने का प्रयास जारी है। उन्होंने बताया कि जिले में पांच अमृत पार्क का विकास किया है। सड़कों पर पानी का छिड़काव हो रहा है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट में सुधार हुआ है। लोगों को सुखा एवं गीला कचरा घरों में ही अलग करने का अनुरोध किया है। शहर से अतिक्रमण हटाने का भी प्रयास जारी है। खुले में कचरा जलाने पर रोक लगाई है।
