झरिया में सड़क दुर्घटना,आगजनी,जाम,वोटिंग प्रभावित

AJ डेस्क: धनबाद नगर निगम चुनाव के दौरान झरिया में बड़ा हंगामा हुआ है। डीएवी उच्च विद्यालय स्थित बूथ संख्या 12, 13, 14 और 15 के समीप मुख्य सड़क जाम होने से काफी देर तक मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही।

जानकारी के अनुसार, देर रात झरिया थाना और घनुवाडीह ओपी क्षेत्र के बालूगद्दा में अवैध कोयला लोड एक ट्रक की चपेट में आने से एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने अवैध कोयला लदे तीन ट्रकों को पकड़ लिया।

रविवार सुबह होते ही गुस्साए लोगों ने झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग पर डीएवी उच्च विद्यालय के पास आगजनी कर सड़क जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम के कारण मतदान केंद्र तक पहुंचने में मतदाताओं को भारी परेशानी हुई, जिससे कई बूथों पर मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई।

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गई है। हालांकि, आंदोलनकारियों के उग्र विरोध के सामने पुलिस भी कुछ समय तक असहाय नजर आई। हालांकि, जिला प्रशासन के आलाधिकारियों द्वारा लोगों को समझाने के बाद सड़क जाम हटा लिया गया। फिर लगभग 1 से डेढ़ घण्टे तक जाम की स्थिति बनी रही। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »