नगर निगम चुनाव : छिटपुट घटनाओं के बीच 47 प्रतिशत मतदान
AJ डेस्क : धनबाद नगर निकाय चुनाव के लिए आज हुए सभी 1019 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो गया है। जिला प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक धनबाद नगर निगम क्षेत्र में अबतक कुल 46.98 फीसदी मतदान हुआ। वहीं, चिरकुंडा जिला परिषद के लिए कुल 61.40 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। फिलहाल कुछ मतदान केंद्रों पर अभी भी मतदान जारी है, जिस वजह से मतदान प्रतिशत में आंशिक बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
इस संदर्भ में आज शाम धनबाद समाहरणालय के सभागार में उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए कहा कि छिटपुट घटनाओं को अगर छोड़ दें तो चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया है। चुनाव के दौरान कोई भी बड़ी घटना नही हुई है। उन्होंने बताया कि 5 बजे शाम तक मतदान केंद्रों पर पहुंचने वाले सभी मतदाताओं को टोकन देकर उनका मतदान कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाकी जहाँ भी चुनाव संपन्न हो चुके है, वहां से मत पेटियों को सील कर धनबाद पॉलिटेक्निक परिसर में बने वज्रगृह में पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज रात को ही सभी मत पेटियों को वर्जगृह को सील कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को होने वाले मतगणना के लिए कुल 15 काउंटिंग रूम बनाए गए हैं, जिसमें 150 टेबल होंगे, जहाँ मतगणना का कार्य संपन्न किया जाएगा।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि थोड़ी बहुत नोकझोंक को छोड़कर चुनाव शांतिपूर्ण रहा। फिलहाल मतदान पेटियों को सुरक्षित वज्रगृह तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने वार्ड संख्या 22 के नाग नगर में सुबह हुए मारपीट की घटना में मामला दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने बताया कि स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा तीन लेयर में होगी। पहले लेयर में झारखंड आर्म्स फोर्स तैनात रहेंगे, जबकि दो लेयर पर जिला पुलिस बल तैनात रहेगी।
