रांची से उड़ी जिंदगी की उड़ान सिमरिया के जंगल में खामोश

Screenshot

AJ डेस्क : झारखंड की राजधानी रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस सोमवार देर शाम दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। यह विमान चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के जंगलों में क्रैश हो गया। विमान में मरीज समेत कुल सात लोग सवार थे और हादसे में सभी की मौत हो गई। चतरा के एसपी सुमित अग्रवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एयर एंबुलेंस सिमरिया के जंगल में गिरी है।भीषण आग में झुलस गए थे मरीज
मृतकों में 40 वर्षीय मरीज संजय कुमार भी शामिल हैं, जो कुछ दिन पहले एक ढाबे में लगी भीषण आग में गंभीर रूप से झुलस गए थे। इलेक्ट्रिक बर्न की वजह से उनका करीब 65 प्रतिशत शरीर जल गया था। उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पिछले करीब दस दिनों से उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली ले जाने का निर्णय लिया।
संजय को एयर एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया। उनके साथ उनकी पत्नी और अन्य परिजन भी सवार हुए। सभी के मन में उम्मीद और दुआ थी, लेकिन यह उड़ान उनकी जिंदगी की आखिरी उड़ान साबित हुई। दिल्ली पहुंचने से पहले ही विमान चतरा के सिमरिया जंगल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और जीवन बचाने की यह कोशिश एक बड़ी त्रासदी में बदल गई। इस हादसे ने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। जो संजय रोज अपने ढाबे पर लोगों को खाना खिलाते थे, वे अब नियति के आगे हार गए। बेहतर इलाज की उम्मीद में भरी यह उड़ान पल भर में मातम में बदल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »