श्याम ध्वज स्थापना के मौके पर निकली भव्य निशान यात्रा

AJ डेस्क: श्री श्याम शरणम् सेवा फाउंडेशन,, कतरास के तत्वावधान में रविवार को प्रस्तावित श्री श्याम मंदिर निर्माण स्थल पर ‘श्याम ध्वज स्थापना’ के उपलक्ष्य में एक विशाल एवं भव्य निशान यात्रा निकाली गई। यह भव्य निशान यात्रा गौशाला से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सूर्यनारायण मंदिर तक गई, जिसमें शहर के सैकड़ों श्याम भक्तों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया।

इस भव्य निशान यात्रा के मुख्य आकर्षण श्री सालासर बालाजी और बाबा श्याम के पवित्र निशान रहे। श्री बालाजी का पवित्र निशान निखिल गुप्ता जी ने तथा बाबा श्याम का निशान सुजल गुप्ता जी ने पूरे भक्ति-भाव के साथ उठाया।

इस दौरान पूरा कतरास ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ और ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंज उठा। रास्ते भर श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए, जिससे पूरा माहौल अलौकिक और भक्तिमय हो गया।

इस पावन अवसर पर विशेष रूप से वार्ड नंबर 3 के सम्मानित पार्षद श्री विनायक गुप्ता जी और वार्ड नंबर 1 की सम्मानित पार्षद श्रीमती मधुबाला देवी जी उपस्थित रहीं। उन्होंने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और मंदिर निर्माण के इस पुनीत कार्य के लिए फाउंडेशन की सराहना की।

अंत में, वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ प्रस्तावित मंदिर निर्माण स्थल पर श्याम ध्वज की स्थापना की गई और महाप्रसाद का वितरण हुआ। फाउंडेशन के सदस्यों ने इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी श्याम भक्तों, स्थानीय प्रशासन और शहरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »