रामनवमी :प्रशासन अलर्ट, सिटी SP के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च
AJ डेस्क: धनबाद में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। इसी क्रम में शहर के पुलिस कंट्रोल रूम के समीप, एसडीएम कार्यालय के सामने से सिटी एसपी के नेतृत्व में एक भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए, जिन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों में गश्त कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की गाड़ियों के साथ-साथ मोटरसाइकिल पर सवार जवानों ने खास तौर पर संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस बल की मौजूदगी ने आम नागरिकों में विश्वास पैदा किया और लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य इस पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है।
सिटी एसपी ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि जिले के अलग-अलग हिस्सों में लगातार फ्लैग मार्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पिछले वर्ष 2024 में भारत माता चौक पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश को ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि रामनवमी के दिन यदि कोई भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
