धनबाद में किन्नर समाज ने श्रद्धा के साथ मनाया चैती छठ महापर्व।

 

AJ डेस्क: : लोक आस्था का महान पर्व चैती छठ इस वर्ष धनबाद जिले में पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस खास अवसर पर किन्नर समाज की सक्रिय भागीदारी ने पर्व की गरिमा को और भी बढ़ा दिया है। किन्नर समुदाय के कई सदस्यों ने 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखकर भगवान सूर्य और छठी मईया की आराधना की।

 

चैती छठ के तीसरे और चौथे दिन न्यू मटकुरिया रेलवे कॉलोनी स्थित कृत्रिम छठ घाट पर किन्नर समाज ने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी और उदयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पारंपरिक गीतों और नृत्य के माध्यम से उन्होंने अपनी आस्था व्यक्त की और समाज में सुख-समृद्धि, शांति और समानता की कामना की।

 

इस अवसर पर व्रती विभा किन्नर और काजल किन्नर ने बताया कि वे पूरी निष्ठा के साथ छठ व्रत कर रही हैं और छठी मईया से धनबाद की खुशहाली के लिए प्रार्थना कर रही हैं। अन्य व्रतियों जैसे रेखा और निर्मला ने भी कहा कि वे इस पर्व के माध्यम से समाज और देश के कल्याण की कामना करती हैं।

 

किन्नर समाज की इस पहल ने सामाजिक समरसता और एकता का संदेश दिया है। आज सुबह उदयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का समापन किया गया। यह आयोजन आस्था, समर्पण और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »