धूमधाम से किया जा रहा है रामनवमी पर्व का आयोजन, हनुमान मंदिर में हजारों की संख्या में उमड़े श्रद्धालु।

 

AJ डेस्क: धनबाद में रामनवमी का पर्व इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। विशेष रूप से रणधीर वर्मा चौक स्थित हनुमान मंदिर और हीरापुर हनुमान मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सुबह से ही श्रद्धालु विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर रहे हैं और वीर बजरंगबली को झंडा, फूलमाला तथा प्रसाद अर्पित कर रहे हैं।

 

हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित रूप से किया गया है। वहीं, रामनवमी पर भक्तों में गहरी आस्था देखने को मिल रही है और पूरा वातावरण भक्ति गीतों तथा जयकारों से गूंज रहा है। लोगों का कहना है कि आज के समय में जब छोटी-छोटी बातों पर दुनिया में संघर्ष बढ़ रहा है, ऐसे में बजरंगबली से सभी ने शांति, सद्बुद्धि और एकता की कामना की। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि समाज, देश और विश्व एक परिवार की तरह मिलजुलकर रहे।

 

इस पावन अवसर पर प्रशासन की ओर से भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं, जिससे लोग शांतिपूर्ण तरीके से पूजा कर सकें।

 

रामनवमी के मौके पर आज पारंपरिक अखाड़ों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें खिलाड़ी अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सांस्कृतिक परंपराओं को भी जीवंत बनाए रखने का माध्यम है। कुल मिलाकर, धनबाद में रामनवमी का पर्व श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का संदेश दे रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »