धनबाद: रामनवमी जुलूस पर पथराव,तनाव का माहौल,पुलिस मुस्तैद
AJ डेस्क: धनबाद जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रामनवमी के मौके पर निकाले जा रहे जुलूस के दौरान हिंसा भड़क उठी। बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक जुलूस पर पथराव कर दिया।
बताया जा रहा है कि अखाड़ा जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहा था। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे और माहौल धार्मिक उत्साह से भरा हुआ था। तभी अचानक कुछ लोगों ने भीड़ पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई।
इस पथराव की घटना में करीब एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गई। भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। इलाके में फिलहाल सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और लगातार पुलिस गश्त जारी है।
मौके पर डीएसपी और सिटी एसपी समेत कई वरीय अधिकारी पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। अधिकारी स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं, ताकि माहौल सामान्य हो सके।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पथराव करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
