हैप्पी स्ट्रीट : एक ही मंच पर विभिन्न गतिविधि,नशा मुक्ति का संदेश

 

AJ डेस्क: धनबाद जिला प्रशासन की ओर से नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शनिवार को लुबी सर्कुलर रोड पर ‘हैप्पी स्ट्रीट’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 6 बजे शुरू होकर 9 बजे तक चला, जिसमें शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

 

‘हैप्पी स्ट्रीट’ में खेल, मनोरंजन, कला और स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में योग और प्राणायाम के लिए विशेष योग स्टेज लगाए गए थे, जहां लोगों ने फिटनेस और मानसिक शांति का अनुभव किया। वहीं साइकिलिंग, स्केटिंग, बास्केटबॉल डंक, आर्चरी और राइफल शूटिंग जैसी खेल गतिविधियों ने युवाओं को खासा आकर्षित किया।

 

मनोरंजन के क्षेत्र में लाइव बैंड परफॉर्मेंस, ह्यूमन लूडो और डार्ट जैसे खेलों ने माहौल को जीवंत बना दिया। कला प्रेमियों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता, ‘पेंट माई सिटी’, ओपन क्विज, कविता-शायरी और नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज में नशा मुक्ति का सशक्त संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि लोगों को स्वस्थ और बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »