भिखराजपुर कांड : पुलिस छावनी में तब्दील,कई उपद्रवी हिरासत में

 

AJ डेस्क: धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर में रामनवमी के अवसर पर निकाले गए अखाड़ा जुलूस के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा अचानक पथराव मामले में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है।

 

वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भिखराजपुर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। क्षेत्र में धारा 163 भी लागू कर दी गई है, जो अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव खुद पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है।

 

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा है कि इस उपद्रव में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। साथ ही पूरे मामले की गहन जांच जारी है और घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

 

घटना की सूचना मिलते ही डीसी और एसएसपी सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

 

प्रशासन द्वारा लगातार पुलिस गश्त की जा रही है और आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। साथ ही लोगों को किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की सलाह दी

गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »