बेलगाम कोयला चोर : पुलिस अधिकारी और उनकी पत्नी की कर दी पिटाई
AJ डेस्क: धनबाद से रविवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। मामला केन्दुआडीह थाना क्षेत्र के झरिया-शिमलाबहल पुल के पास का है।
बताया जा रहा है कि स्पेशल ब्रांच के एएसआई अनुज कुमार सिंह अपनी पत्नी काजल कुमारी के साथ स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोग एक हाइवा को रोककर उसमें लोड कोयला उतार रहे थे। सड़क पर अवरोध होने के कारण एएसआई अनुज कुमार सिंह ने उनसे थोड़ा साइड देने को कहा। बस इसी बात पर कोयला उतार रहे लोगों ने अपना आपा खो दिया और देखते ही देखते दोनों पर हमला बोल दिया।
हमलावरों ने एएसआई और उनकी पत्नी के साथ जमकर मारपीट की, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इतना ही नहीं, हमलावरों ने काजल कुमारी का मोबाइल भी छीनकर फेंक दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही स्पेशल ब्रांच के अधिकारी, स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं पीड़िता काजल कुमारी ने बताया कि उनके पति ने सिर्फ रास्ता साफ करने को कहा था, लेकिन आरोपियों ने बिना किसी कारण के उन पर हमला कर दिया।
मौके पर मौजूद आर. के. माइनिंग आउटसोर्सिंग के एक गार्ड ने भी बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि इस रास्ते से रोजाना सैकड़ों हाइवा कोयला लेकर बीएनआर साइडिंग जाती हैं, जिन्हें बीच रास्ते में रोककर अवैध रूप से कोयला उतारा जाता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
