अवैध कारोबार: बेकाबू बालू लदा ट्रैक्टर दुकान में घुसा,पांच जख्मी,रोड जाम
AJ डेस्क: धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के फतेहपुर मोड़ पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बालू लदे ट्रैक्टर ने सड़क किनारे स्थित एक दुकान में घुसकर वहां बैठे पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सभी पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज नजदीकी निजी अस्पताल में जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर पोखरिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा था। अचानक चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सीधे सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वहां बैठे लोग बालू और मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे और बालू में दबे सभी घायलों को बाहर निकाला गया। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी देर बाद जाम को हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका।
