मुठभेड़: राहुल दुबे गिरोह के सदस्य सनी को लगी गोली,गिरफ्तार

 

AJ डेस्क: झारखंड के रामगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर… जहां पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में कुख्यात राहुल दुबे गैंग का एक सक्रिय सदस्य सनी सिंह गिरफ्तार कर लिया गया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया। इस पूरी कार्रवाई को रामगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

 

 

बताया जा रहा है कि एसपी अजय कुमार के निर्देश पर जिले में संगठित अपराध और लेवी वसूली करने वाले गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एसआईटी टीम को गुप्त सूचना मिली कि राहुल दुबे गिरोह का सदस्य सनी सिंह भुरकुंडा और पतरातू इलाके में अपने साथियों के साथ घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।

 

 

सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में सघन छापेमारी शुरू की। इसी दौरान दुमुहाना मंदिर के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। पुलिस जैसे ही मौके पर पहुंची, आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली पतरातू थाना प्रभारी की गाड़ी के शीशे और बंपर में जा लगी, लेकिन वे बाल-बाल बच गए।

 

इसके बाद पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में आरोपी सनी सिंह के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल, भुरकुंडा भेजा गया जहां से स्थिति को देखते हुए इसके बाद रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया और वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया है।

 

मौके से पुलिस ने दो देशी पिस्तौल, चार खोखा, एक मोबाइल फोन और एक लेदर बैग बरामद किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

एसपी अजय कुमार ने साफ कहा है कि जिले में अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही युवाओं से अपील की है कि वे अपराध का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ें और किसी के बहकावे में न आएं।

 

 

आपको बता दें कि एक दिन पहले ही पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के सात अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि रामगढ़ पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »