धनबाद से मुंबई के लिए स्थाई ट्रेन की शुरूआत
AJ डेस्क: धनबाद से लोकमान्य तिलक टर्मिनस, मुंबई के लिए नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत हो गई है। सोमवार देर रात 11 बजे यह ट्रेन धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 7 से रवाना हुई। सांसद ढुल्लू महतो ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
धनबाद वासियों के लिए रेल कनेक्टिविटी को लेकर बड़ी सौगात मिली है। जो ट्रेन अब तक स्पेशल के रूप में चल रही थी, उसे रेल मंत्रालय ने स्थायी और नियमित सेवा का दर्जा दे दिया है।
लोकमान्य तिलक टर्मिनस से धनबाद के बीच चलने वाली इस ट्रेन के नियमित होने की खुशी धनबाद में साफ नजर आई। ट्रेन के धनबाद जंक्शन पहुंचते ही स्वागत का माहौल बन गया।
स्टेशन पर स्थानीय लोगों, यात्रियों और जनप्रतिनिधियों ने ट्रेन का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो और मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश कुमार भी मौजूद रहे। कई स्टेशनों पर भी इस ट्रेन का स्वागत किया गया।
रात्रि करीब 10 बजकर 40 मिनट पर धनबाद पहुंची यह ट्रेन कुछ ही देर बाद, रात 11 बजे फिर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए रवाना हुई। सांसद ढुल्लू महतो ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को विदा किया।
इस मौके पर सांसद ने कहा कि यह दिन खास है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर यह ट्रेन शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कि धनबाद की जनता ने जो विश्वास जताया है, उसे वे कभी टूटने नहीं देंगे और यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि इस ट्रेन को भविष्य में रोजाना चलाने का प्रयास किया जाएगा।
यह साप्ताहिक ट्रेन कुल 1848 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 28 स्टेशनों पर रुकेगी और बुधवार दोपहर 1:40 बजे मुंबई पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन बुधवार शाम 4:55 बजे मुंबई से चलकर शुक्रवार सुबह 8 बजे धनबाद पहुंचेगी।
ट्रेन के नियमित होने से धनबाद और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रोजगार, इलाज और पढ़ाई के लिए मुंबई जाने वाले लोगों के लिए यह सेवा बेहद लाभदायक साबित होगी।
एलटीटी–धनबाद ट्रेन के नियमित होने से यात्रियों में खुशी की लहर है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में रेल सेवाएं और भी सुदृढ़ होंगी।
