धनबाद एल टी टी उदघाटन प्रकरण :रेलवे अधिकारी पहुंचे सिंह मेंशन,माफी मांगी
AJ डेस्क: धनबाद–मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) साप्ताहिक एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह में आमंत्रण रद्द किए जाने से पैदा हुए विवाद के बाद रेलवे प्रशासन बैकफुट पर आ गया है। मंगलवार को धनबाद रेल मंडल के अधिकारी सीनियर डीसीएम और डीओएम सिंह मेंशन पहुंचे और पूरे मामले पर खेद जताते हुए अपनी गलती स्वीकार की।
अधिकारियों ने संबंधित जनप्रतिनिधियों से औपचारिक माफी मांगते हुए इसे प्रशासनिक चूक बताया। रेलवे अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि आगे से सभी कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल, समन्वय और संचार व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि किसी भी जनप्रतिनिधि को असहज स्थिति का सामना न करना पड़े।
वहीं, इस पूरे मामले में महापौर संजीव सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि दबाव में लिया गया निर्णय प्रतीत होता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर किसी की ब्लड प्रेशर उनकी मौजूदगी से बढ़ रही है तो उसका इलाज बाघमारा, धनबाद या दिल्ली में कराया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में सभी जनप्रतिनिधियों का सम्मान होना चाहिए चाहे वे पक्ष में हों या विपक्ष में। किसी को आमंत्रित कर अंतिम समय में रोकना न केवल व्यक्ति का, बल्कि उस क्षेत्र की जनता का भी अपमान है जिसने उन्हें चुनकर भेजा है।
