झरिया में भाजपा समर्थकों ने DRM का पुतला फूंका
AJ डेस्क: धनबाद-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) साप्ताहिक एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह से पहले आमंत्रण रद्द किए जाने के फैसले ने कोयलांचल की सियासत को गरमा दिया है। रेलवे द्वारा झरिया विधायक रागिनी सिंह और धनबाद के महापौर संजीव सिंह को पहले आमंत्रित करना और फिर ऐन वक्त पर उनका निमंत्रण रद्द करना अब बड़े विवाद का रूप ले चुका है।
इस फैसले से आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को झरिया में विरोध प्रदर्शन करते हुए धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इसे जनप्रतिनिधियों का अपमान बताया।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि 3 अप्रैल को जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से महापौर संजीव सिंह और विधायक रागिनी सिंह को विधिवत आमंत्रित किया गया था। इतना ही नहीं, कार्यक्रम स्थल पर उनके नाम के बैनर और पोस्टर भी लगाए गए थे। ऐसे में अंतिम समय पर आमंत्रण रद्द करना कई सवाल खड़े करता है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यह केवल प्रशासनिक चूक नहीं बल्कि किसी दबाव में लिया गया निर्णय प्रतीत होता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से स्पष्ट जवाब की मांग करते हुए कहा कि आखिर किसके दबाव में यह फैसला लिया गया।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में पारदर्शिता नहीं बरती गई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
