सड़क की बदहाली और जल जमाव के खिलाफ सड़क जाम

 

AJ डेस्क: -धनबाद के सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत नुनूडीह में बुधवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। माले नेता सबूर गोराई के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जल जमाव और जर्जर सड़क की समस्या को लेकर सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों की जान खतरे में बनी रहती है।

 

इसके साथ ही सड़क किनारे बिछाई जा रही पाइपलाइन के लिए खोदी गई जमीन को बिना भरे छोड़ दिया गया है, जिसमें गिरकर कई लोग घायल हो चुके हैं। इतना ही नहीं, पाइपलाइन में कई जगह लीकेज होने के कारण लगातार पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे स्थिति और भी खराब हो गई है।

 

सबूर गोराई ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी सांकेतिक प्रदर्शन किया गया था और प्रशासन ने रामनवमी के बाद काम शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

 

सड़क जाम की सूचना मिलते ही सुदामडीह थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर अंचलाधिकारी से संपर्क कराया। प्रशासन द्वारा दो-तीन दिनों में काम शुरू करने के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »