झरिया: धरती फटने से दर्जनों घर में पड़ी दरार,लोग दहशत में

 

AJ डेस्क: – झरिया के चौथाई कुल्ही स्थित धनबाद-सिंदरी मुख्य मार्ग के पास धर्मनगर में बुधवार को अचानक जमीन में पड़ी दरारों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इलाके के एक दर्जन से अधिक घरों की दीवारों और फर्श पर लंबी-लंबी दरारें दिखाई देने लगी हैं। जमीन फटने जैसा दृश्य बन गया है, जिससे संभावित भूधंसान का खतरा साफ नजर आने लगा है। हालांकि अभी तक जमीन धंसी नहीं है, लेकिन दरारों का लगातार चौड़ा होना लोगों में डर पैदा कर रहा है।

 

स्थिति को देखते हुए कई परिवार अपने घरों से सामान निकालकर सुरक्षित जगहों पर जाने लगे हैं। लोग बताते हैं कि दरारें हर घंटे चौड़ी होती जा रही हैं, जिससे यह अंदेशा बढ़ गया है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है। इलाके में दहशत का माहौल है और लोग रात में घरों के भीतर रहने से भी हिचक रहे हैं।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह क्षेत्र पहले खान क्षेत्र था और वे करीब 50 साल से यहां निवास कर रहे हैं। पुराने खनन क्षेत्र की खोखली जमीन के कारण ऐसी स्थिति दोबारा पैदा होने की आशंका जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन और बीसीसीएल को घटना की जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुँचा है।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि दरारों की स्थिति का वैज्ञानिक निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाना चाहिए, ताकि समय रहते लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल पूरा इलाका भय और असमंजस की स्थिति में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »