तेज आंधी-बारिश से धनबाद बुक फेयर तबाह, लाखों की किताबें बर्बाद।
AJ डेस्क: – धनबाद से बड़ी खबर है, जहां बुधवार को आई तेज आंधी और बारिश ने बुक फेयर में भारी तबाही मचा दी। रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में बंगाली वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित बुक फेयर का पंडाल तेज हवा और बारिश की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अचानक बदले मौसम ने पूरे आयोजन पर पानी फेर दिया। तेज आंधी के कारण पंडाल के कई हिस्से गिर गए, लाइटें टूटकर नीचे गिर पड़ीं और स्टॉल में रखी हजारों किताबें बारिश में भीगकर खराब हो गईं। इस हादसे से आयोजकों और पुस्तक विक्रेताओं को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
आयोजकों के अनुसार, इस बुक फेयर की तैयारी पिछले तीन महीनों से चल रही थी और पंडाल पर ही करीब 5 लाख रुपये खर्च किए गए थे। दूर-दराज के राज्यों से आए कई बुक स्टॉल संचालकों ने यहां अपनी दुकानें लगाई थीं, लेकिन एक घंटे की बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।
स्टॉल संचालक उपेंद्र ने बताया कि उन्हें लगभग 50 से 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं कोलकाता से आए विक्रेता गोपीनाथ ने भी भारी नुकसान की बात कही। उनका कहना है कि अधिकांश किताबें पानी में भीगकर पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं।
फिलहाल आयोजक नुकसान का आकलन कर रहे हैं, लेकिन अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने बुक फेयर की रौनक को पूरी तरह फीका कर दिया है।
