गैस प्रभावित क्षेत्र में जन संवाद का आयोजन,सुरक्षित पुनर्वास का आश्वासन

AJ डेस्क:केंदुआडीह के गैस प्रभावित क्षेत्र में गुरुवार को प्रभावित लोगों के साथ जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान धनबाद से आए वैज्ञानिकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को सुना और जल्द सुरक्षित पुनर्वास का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में पूटकी अंचल अधिकारी विकास आनंद, पीबी एरिया के महाप्रबंधक जीसी साहा, सिंफर के वैज्ञानिक, JRDA के अधिकारी, केंदुआडीह इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि गैस प्रभावित लोगों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और सभी को उचित मुआवजा देकर सुरक्षित स्थान पर बसाया जाएगा।

BCCL प्रबंधन और वैज्ञानिकों ने कहा कि बेलगढ़िया में प्रभावित लोगों के लिए समुचित सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही केंदुआडीह के राजपूत बस्ती के आसपास के इलाके को डेंजर जोन बताते हुए लोगों को खासकर बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में राहत शिविरों में शरण लें।

वैज्ञानिकों ने बताया कि लगातार नाइट्रोजन गैस फिलिंग की जा रही है, लेकिन बारिश के समय CO गैस की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे भू-धसान का खतरा और अधिक बढ़ जाता है। ऐसे में सुरक्षित पुनर्वास ही सबसे जरूरी कदम है।

वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि पिछले चार महीनों से वे गैस की समस्या झेल रहे हैं, लेकिन BCCL सिर्फ औपचारिकता निभा रही है। ग्रामीणों ने बेलगढ़िया जाने से इनकार करते हुए किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »