आउट सोर्सिंग के खिलाफ छाता बांध में धरना प्रदर्शन,जलापूर्ति,प्रदूषण का मुद्दा
AJ डेस्क:धनबाद जिले के बीसीसीएल एरिया 03 अंतर्गत छाताबाद में संचालित एसजीटी आउटसोर्सिंग माइंस के खिलाफ स्थानीय लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। वार्ड संख्या 02 के पार्षद मो. शहाबुद्दीन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने माइंस परिसर में ही धरना शुरू कर दिया, जिससे उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया। आंदोलनकारियों की मांग है कि इलाके में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण किया जाए, नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए और स्थानीय युवाओं को रोजगार दिया जाए।
धरनास्थल से जानकारी देते हुए पार्षद मो. शहाबुद्दीन ने कहा कि इन मांगों को लेकर पहले ही बीसीसीएल प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया था। प्रबंधन ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने वादाखिलाफी की है, जिसके चलते मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
वहीं, आउटसोर्सिंग कंपनी के प्रबंधक वाई.के. सिंह ने इस आंदोलन को अनैतिक बताया। उन्होंने कहा कि यह मामला बीसीसीएल प्रबंधन से जुड़ा है और लोगों को धैर्य रखना चाहिए। इस तरह के आंदोलन से उत्पादन प्रभावित हो रहा है और कंपनी को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
फिलहाल, स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। अब देखना होगा कि बीसीसीएल प्रबंधन और आंदोलनकारियों के बीच वार्ता कब होती है और इस गतिरोध का समाधान कैसे निकलता है।
