प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ महिलाएं उतरीं सड़क पर,किया प्रदर्शन

 

AJ डेस्क:धनबाद में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अब अभिभावकों का गुस्सा खुलकर सड़कों पर नजर आने लगा है। शुक्रवार को रणधीर वर्मा स्टेडियम के पास दर्जनों महिलाओं ने इकट्ठा होकर जोरदार प्रदर्शन किया और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

 

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि उपायुक्त के सख्त निर्देशों के बावजूद भी निजी स्कूल अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। स्कूलों द्वारा री-एडमिशन के नाम पर अभिभावकों से मोटी रकम वसूली जा रही है। एनुअल फीस और अन्य अलग-अलग मदों के नाम पर हर साल नई-नई फीस जोड़ी जा रही है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।

 

महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि कई निजी स्कूल बच्चों को जबरन तय दुकानों से ही किताबें और कॉपियां खरीदने के लिए मजबूर कर रहे हैं। इससे अभिभावकों के पास कोई विकल्प नहीं बचता और उन्हें महंगे दामों पर सामान खरीदना पड़ता है।

 

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई के इस दौर में इस तरह की वसूली ने घर का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और अभिभावकों को राहत दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »