डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़,आक्रोश

 

AJ डेस्क: धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है। घटना लटानी गांव स्थित अंबेडकर क्लब की है, जहां असामाजिक तत्वों ने बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि शरारती तत्वों ने न सिर्फ प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की, बल्कि ईंट-पत्थरों से उसे तोड़ने की भी कोशिश की।

 

इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और क्लब के सदस्यों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी 21 सितंबर को इसी प्रतिमा को तोड़ा गया था। उस समय क्लब के लोगों ने आपसी सहयोग और चंदा जुटाकर लखनऊ से नई प्रतिमा मंगवाई थी। बावजूद इसके, फिर से इस तरह की हरकत होना कई सवाल खड़े करता है।

 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बार-बार ऐसी घटनाएं होने के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »