धनबाद – रांची मार्ग भू धसान की चपेट में,पुलिस ने वाहनों का आवाजाही रोका
AJ डेस्क:धनबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां धनबाद-रांची मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह थाना के पास बुधवार सुबह करीब 8 बजे सड़क अचानक बीच से करीब 2 फीट तक धंस गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सड़क धंसने के साथ ही कई जगहों पर दरारें भी दिखाई देने लगीं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है। स्थिति को देखते हुए केंदुआडीह पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर मुख्य मार्ग को बंद कर दिया है। फिलहाल, यातायात को पास की एक लिंक रोड के जरिए संचालित किया जा रहा है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय के अनुसार, मामले की जानकारी बीसीसीएल और जिला प्रशासन को दे दी गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस सड़क को स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि बीसीसीएल लोगों को हटाने के लिए साजिश कर रही है। उनका कहना है कि लोग विस्थापन के लिए तैयार हैं, लेकिन उनकी शर्तें नहीं मानी जा रही हैं।
