गैस सिलेंडर लीक होने से पाथर डीह लोको साइडिंग में लगी भीषण आग
AJ डेस्क: धनबाद के झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पाथरडीह स्थित लोको साइडिंग में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गैस सिलेंडर के लीक होने के कारण यह हादसा हुआ, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
घटना के वक्त साइडिंग में गैस कटर के जरिए काम चल रहा था। आग लगते ही वहां काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ और डर का माहौल बन गया। हालांकि मौके पर मौजूद मजदूरों ने हिम्मत दिखाते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया और स्थिति को संभालने में जुट गए।
बताया जा रहा है कि ठेकेदार के माध्यम से काम कर रहे प्राइवेट मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था (सेफ्टी) के काम कराया जा रहा था। इस लापरवाही ने हादसे की गंभीरता को और बढ़ा दिया। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है और किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारों की स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी।।
