प्रिंस खान गिरोह का कमर टूटा: मेजर को पुलिस ने गिरफ्तार किया

AJ डेस्क: संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के करीबी सहयोगी सैफी उर्फ ‘मेजर’ को दुबई से भारत लाए जाने के बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को रविवार शाम तक धनबाद लाया जाएगा, जहां उससे गैंग के नेटवर्क, फंडिंग और अन्य अपराधों को लेकर पूछताछ होगी।

 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक सैफी लंबे समय से झारखंड के व्यापारियों के बीच दहशत का नाम बना हुआ था। वह प्रिंस खान के इशारे पर व्यवसायियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने और अवैध वित्तीय लेनदेन के समन्वय की जिम्मेदारी संभालता था। गैंग के संचालन में उसकी भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है।

 

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। दुबई से भारत लाए जाते ही कोलकाता एयरपोर्ट पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में गैंग से जुड़े कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंस खान ने अपना ठिकाना दुबई से बदलकर पाकिस्तान कर लिया है। गिरोह पर आरोप है कि वह झारखंड के बड़े कारोबारियों को निशाना बनाकर रंगदारी की रकम हवाला के जरिए विदेश भेजता रहा है।

 

अधिकारियों ने इस गिरफ्तारी को संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी सफलता बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »