बेखौफ अपराधी : मेयर समर्थक शुभम को घर में घुसकर मारी गोली
AJ डेस्क: धनबाद में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। 15 अप्रैल को कोयला व्यवसायी मनीष सिंह पर फायरिंग के बाद अब एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस बार अपराधियों ने घर में घुसकर मेयर समर्थक शुभम यादव को गोली मार दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
धनबाद के सोनारडीह ओपी क्षेत्र में रहने वाले शुभम यादव को देर रात अपराधियों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि दो की संख्या में आए अपराधियों ने घर में घुसकर शुभम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के वक्त शुभम अपनी दादी के साथ घर में मौजूद था।
अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल शुभम को पहले कतरास के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे असर्फी अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान शुभम की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि शुभम यादव को तीन गोलियां मारी गई थीं, दो छाती में और एक सिर में। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही धनबाद के मेयर संजीव सिंह अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की।
वहीं पुलिस ने घटनास्थल से पांच खोखा बरामद किया है और मामले की जांच तेज कर दी है। ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि मृतक का आपराधिक इतिहास रहा है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक की दादी सरिता देवी ने बताया कि हम लोग घर में थे, अचानक गोली की आवाज आई। जब तक पहुंचे तब तक अपराधी भाग चुके थे। सिर में गोली लगी थी। लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया।
घटना को लेकर धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने कहा कि शुभम को तीन गोली मारी गई थी, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस से मांग है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और परिवार को सुरक्षा दी जाए।
इस मामले पर ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि शुभम यादव को तीन गोली मारी गई थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। घटनास्थल से पांच खोखा बरामद किया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।
