मुठभेड़:इनामी नक्सली सहदेव,उसकी पत्नी सहित चार मारे गए

AJ डेस्क: चतरा-हजारीबाग जिले की सीमा पर स्थित केरेडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बुंडू पंचायत के खपिया कोतीझरना में शुक्रवार दोपहर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। कोबरा बटालियन और पिपरवार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार कुख्यात नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है।

 

मारे गए नक्सलियों में केरेडारी थाना क्षेत्र के कुठान गांव निवासी कुख्यात नक्सली सहदेव महतो और उसकी पत्नी नताशा शामिल हैं। नताशा छत्तीसगढ़ की रहने वाली बताई जा रही है, जिसने संगठन में सक्रिय रहते हुए सहदेव महतो से विवाह किया था। दोनों लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में संलिप्त थे।

 

सुरक्षा बलों के अनुसार, क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना के आधार पर सर्च अभियान चलाया गया था। इसी दौरान जंगल क्षेत्र में छिपे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।

 

मुठभेड़ के बाद चार नक्सलियों के शव बरामद किए जाने की सूचना है, जबकि अन्य के भागने की आशंका जताई जा रही है। घटना स्थल से हथियार और नक्सली सामग्री बरामद होने की भी सूचना है।

 

फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि मारे गए अन्य दो नक्सलियों की पहचान की जा रही है। इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »