धनबाद: डिवाइडर से टकराया बाइक,छात्र की मौत
AJ डेस्क: धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोवाबांध में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।
मृतक की पहचान नितेश कुमार चौधरी के रूप में हुई है, जो राजगंज स्थित डिग्री कॉलेज का प्रथम सेमेस्टर का छात्र था। जानकारी के अनुसार नितेश “अंडरस्टैंडिंग इंडिया” विषय की सेमेस्टर परीक्षा देने के लिए आर.एस. मोर कॉलेज जा रहा था। परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक निर्धारित थी।
बताया जा रहा है कि कोवाबांध के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।
एडमिट कार्ड के अनुसार मृतक के पिता का नाम राम नारायण चौधरी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के बाद तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।
