आवारा कुत्तों के हमले में 5 वर्षीय बच्चे की मौत
AJ डेस्क – धनबाद के गोनूडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत भोला नाथ बसेरिया 4 नंबर यादव बस्ती में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक 5 वर्षीय बच्चे की जान ले ली। मृतक की पहचान कुंदन यादव के पुत्र अंकित यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अंकित अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित हनुमान मंदिर के पास गया था। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को घेरकर उसके शरीर के कई हिस्सों में बुरी तरह काट लिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे तो अपने बच्चे का शव देख दहाड़ मारकर रोने लगे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन नगर निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। समाजसेवी टुनटुन यादव ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी घटनाएं आगे भी हो सकती हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग भी की।
वहीं, मृतक के परिजनों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि इलाके में आवारा कुत्तों को पकड़कर अन्य स्थान पर भेजा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
