90 दिवसीय आउटरीच कार्यक्रम,लोगो में जागरूकता फैलाने को न्यायाधीश उतरे सड़क पर

AJ डेस्क – झारखंड राज्य विधिक प्राधिकरण के निर्देश पर लोगों में कानूनी साक्षरता और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 90 दिवसीय व्यापक आउटरीच कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार को प्रभात फेरी निकाल कर किया गया। प्रभात फेरी प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा दुर्गेश चंद्र अवस्थी के नेतृत्व में सिविल कोर्ट धनबाद से निकलकर रणधीर वर्मा चौक, तक गई, जिसके बाद प्रभात फेरी वहां से वापस सिविल कोर्ट आई।

 

 

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए न्यायाधीश ने कहा कि 90 दिनों तक न्यायिक पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम हर एक क्षेत्र में जाकर कानूनी जागरूकता फैलाएगी। उन्होंने बताया कि नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, डायन बिसाही मामले को लेकर हेल्पलाइन नंबर 181 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबर के विषय में लोगों को बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन हेल्पलाइन नंबर पर एक बार जरूर कॉल करें और जानने का प्रयास करें कि यह काम करता है या नहीं।

 

 

बता दें कि इस 90 दिनो के कार्यक्रम के दौरान न्यायिक पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम जिसमें लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम की टीम, एनजीओ, पैनल अधिवक्ता, पीएलवी शामिल हैं, जो डोर टू डोर जाकर लोगों को कानून व विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी देंगे।

 

साथ ही विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच वाद विवाद, निबंध, पेंटिंग, भाषण, प्रभात फेरी आदि का आयोजन किया जाएगा। बाल विवाह, साइबर ठगी, ड्रग, डायन बिसाही, बाल मजदूरी आदि के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही महिला, दिव्यांगजन, एसटी-एससी, वृद्धजन आदि की मदद की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »