तीनों बच्चियों ने साहस दिखाया,ग्रामीणों के जमा होने पर बदमाश हुए फरार
AJ डेस्क – धनबाद के पूर्वी टुंडी में रविवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहाँ तीन नाबालिग लड़कियों के साथ दरिंदगी की कोशिश की गई। हालांकि, बच्चियों की बहादुरी और ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मामला पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र का है, जहाँ तीन युवकों ने सरेराह तीन नाबालिग किशोरियों को जबरन पकड़ लिया और उन्हें पास के एक निर्माणाधीन भवन में ले गए। आरोप है कि वहाँ उनके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की गई।
लेकिन इसी दौरान पीड़ित किशोरियों ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। सैकड़ों ग्रामीणों को आता देख तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा भी किया। सूचना मिलते ही पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया है। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लोगों में अब भी गुस्सा है।
