बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे शुभेंदु अधिकारी

AJ डेस्क: पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल की बैठक के दौरान राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अंतिम निर्णय ले लिया गया है। बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।

 

बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा। इसके बाद उपस्थित सभी भाजपा विधायकों से सहमति ली गई, जिसके बाद उनके नाम पर औपचारिक मुहर लग गई।

बैठक से पहले अमित शाह ने कोलकाता के प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंदिर में दर्शन के बाद शाह सीधे पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठकों में शामिल हुए, जहां सरकार गठन और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चर्चा की गई।

 

शाम 6 बजे तक तस्वीर हो सकती है साफ

भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने दावा किया था कि 4 मई के बाद अमित शाह या कोई केंद्रीय मंत्री बंगाल नहीं आ पाएगा, वे आज घरों में बैठे हैं। उन्होंने कहा “आज अमित शाह यहां पहुंचे हैं। विधायक दल की बैठक में नेता का चयन होगा और शाम 6 बजे तक सारी तस्वीर साफ हो जाएगी।”

 

कैबिनेट गठन पर भी होगी चर्चा

सूत्रों के मुताबिक, विधायक दल की बैठक से पहले अमित शाह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ सरकार गठन के हर पहलू पर चर्चा करेंगे। इसमें नए मंत्रिमंडल की संरचना, प्रमुख विभागों का बंटवारा और सरकार की प्राथमिकताओं पर मंथन किया जाएगा। भाजपा ने पश्चिम बंगाल के लिए अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जबकि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है।

 

कोलकाता का ब्रिगेड ग्राउंड तैयार: शपथ ग्रहण समारोह होगा खास

कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार के गठन को लेकर पार्टी इसे बड़े सांस्कृतिक और राजनीतिक आयोजन के रूप में पेश करने की तैयारी में है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »