आंगन बाड़ी में बच्चों के निवाला पर डाका,ग्रामीणों का आरोप,हंगामा
AJ डेस्क: धनबाद जिले के गोविंदपुर प्रखंड से आंगनबाड़ी व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। भितिया पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 522 में बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार में कटौती और अनियमितता का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने केंद्र की सेविका और सहायिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और जांच की मांग की।
मामला गोविंदपुर प्रखंड के भितिया-II आंगनबाड़ी केंद्र का है, जहां ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र में बच्चों को सरकारी मेनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है। बच्चों को पूरा अंडा देने की जगह आधा अंडा परोसा जा रहा है। इतना ही नहीं, केंद्र में समय पर नाश्ता और दोपहर का भोजन भी नहीं मिलता।
ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र की सेविका रुखसाना खातून और सहायिका गुलाबी महतो सरकारी राशन में भी गड़बड़ी कर रही हैं। आरोप है कि केंद्र में मिलने वाले राशन का सही उपयोग नहीं किया जाता और खानापूर्ति के लिए घर से थोड़ा बहुत सामान लाकर भोजन तैयार कर दिया जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले की शिकायत पहले भी कई बार की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर सीधा असर पड़ रहा है। हंगामे के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी से पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
