हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत,सुदामदीह में सड़क जाम

AJ डेस्क: – धनबाद के सुदामडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। सड़क जाम होने से इलाके में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

 

घटना सुदामडीह थाना क्षेत्र की है, जहां मंगलवार को एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और हाइवा वाहन को रोक लिया। इसके बाद मामले की सूचना सुदामडीह थाना पुलिस को दी गई।

 

सूचना मिलते ही सुदामडीह थाना प्रभारी आकृष्ट अमन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान सड़क पर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो चुके थे। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क खाली कराने का कई बार प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर ही बैठे रहे और जाम जारी रखा।

 

मृतक की पहचान कांड्रा निवासी 45 वर्षीय रंजीत डे के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सड़क जाम के कारण इलाके में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सड़क के किनारे वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »