चिरागोड़ा में युवक का शव बरामद,हत्या की आशंका
AJ डेस्क: धनबाद सदर थाना क्षेत्र के चीरागोड़ा श्मशान रोड स्थित मैदान में मंगलवार सुबह 42 वर्षीय राजेश चन्द्रवंशी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक हीरापुर हटीया मोड़ में मोबाइल डाउनलोडिंग की दुकान चलाता था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
बताया जा रहा है कि राजेश चन्द्रवंशी सोमवार रात अपनी दुकान बंद कर घर लौटने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह चीरागोड़ा श्मशान रोड स्थित मैदान में उसका शव पड़ा होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान राजेश चन्द्रवंशी के रूप में की।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि सूद में पैसे के लेन-देन को लेकर गौतम नामक व्यक्ति से सोमवार को मृतक की कहासुनी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि उसी विवाद में हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर धनबाद सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव उठाने का विरोध किया। पुलिस लोगों को समझाने में जुटी रही। मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
