धनबाद पुलिस को मिली 122 हाई टेक पेट्रोलिंग बाइक

AJ डेस्क: धनबाद पुलिस अब अपराधियों पर और तेज़ी से शिकंजा कसने की तैयारी में है। बुधवार को पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने 112 पेट्रोलिंग बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले के सभी थानों को कुल 122 अत्याधुनिक बाइक उपलब्ध कराई गई है, जो अपराध नियंत्रण और पुलिस रिस्पॉन्स टाइम को और बेहतर बनाने में मददगार साबित होगी।

 

इन बाइकों में सायरन, ब्लिंकर्स और जीपीएस जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जिनकी मॉनिटरिंग सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से की जा सकेगी। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी थानों और सिटी हॉक्स को नई बाइक उपलब्ध कराई गई थी, जिसके बाद अब धनबाद पुलिस के पास करीब 250 पेट्रोलिंग बाइक हो चुकी हैं।

 

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि इन बाइकों का उद्देश्य पुलिसिंग को मजबूत करना है, ताकि जहां चारपहिया वाहन नहीं पहुंच पाते वहां पुलिस तेजी से मौके पर पहुंच सके। उन्होंने बताया कि धनबाद में 112 सेवा का रिस्पॉन्स टाइम अब 10 मिनट से भी कम हो गया है, जो पूरे झारखंड में बेहतर माना जा रहा है।

 

वहीं उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि अपराधी लगातार नई तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं, ऐसे में पुलिस को भी अत्याधुनिक संसाधनों से लैस किया जा रहा है। कंट्रोल रूम को भी हाईटेक बनाया गया है, जहां से जिलेभर की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि इन सभी प्रयासों का मकसद पुलिसिंग को और प्रभावी बनाना तथा अपराध पर नियंत्रण स्थापित करना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »