लोयाबाद में अवैध कोयला कारोबार की शिकायत पर फायरिंग,तोड़फोड़,कई जख्मी
AJ डेस्क: धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र में कोयला कारोबार के खिलाफ आवाज उठाना आजसू नेत्री को भारी पड़ गया। बांसजोड़ा इलाके में शिकायत के बाद कोयला माफियाओं ने जमकर उत्पात मचाया। कई राउंड फायरिंग, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना में तीन लोग घायल हो गए, जबकि आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। वहीं कुछ लोग इसे आपसी विवाद में हुआ खूनी संघर्ष बता रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बांसजोड़ा में चल रहे कोयला कारोबार को लेकर आजसू नेत्री रजनी देवी ने लोयाबाद थाना में लिखित शिकायत दी थी। आरोप है कि शिकायत से नाराज कोयला कारोबार से जुड़े लोगों ने उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों पर हमला बोल दिया।
हमलावरों ने लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की और इलाके में खड़ी 6 से अधिक कारों में तोड़फोड़ की। सूचना है कि इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी की गई। गोली लगने से 60 वर्षीय किसन रवानी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके पांव में गोली लगी है। घटना में दो अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना है।
वहीं कुछ लोग इसे आपसी विवाद में हुआ खूनी संघर्ष बता रहें है। जिन गाड़ियों में तोड़फोड़ की बात कही जा रही है, उन्ही गाड़ियों में से एक गाड़ी में एक पिस्टल भी बरामद हुआ है। जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही लोयाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस पूरे मामले में हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई की बात कह रही है।
