एक माह में लंबित भूमि मामलों का निबटारा हो – विस विशेष समिति

AJ डेस्क: धनबाद परिसदन में मंगलवार को विधानसभा की ध्यान आकर्षण विशेष समिति की बैठक दूसरे दिन भी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने की। बैठक में बीसीसीएल के तकनीकी निदेशक और धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में भूमि अधिग्रहण, ओबी डंपिंग, मुआवजा, नियोजन और लंबित सीएनटी मामलों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

 

बैठक के बाद निरसा विधायक अरूप चटर्जी और सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने बताया कि उपायुक्त कार्यालय में बीसीसीएल से जुड़े जितने भी सीएनटी मामले लंबित हैं, उन्हें एक माह के भीतर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया है। अंचल कार्यालयों से प्राप्त आवेदनों का भी एक महीने के अंदर निपटारा करते हुए आवश्यक अनुमति देने पर सहमति बनी है।

 

बैठक में यह भी तय हुआ कि जिन रैयतों की जमीन पर बीसीसीएल द्वारा ओबी डंप किया गया है, उन्हें भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए बीसीसीएल के एरिया-9, एरिया-10 और एरिया-11 की जमीन की मापी कराई जाएगी। विशेष रूप से सुरुंगा और भौंरा क्षेत्र में भूमि का सीमांकन कर यह पता लगाया जाएगा कि कितनी जमीन पर डंपिंग हुई है और उसमें कितनी सरकारी तथा कितनी रैयती भूमि शामिल है।

 

समिति ने निर्णय लिया कि जिन रैयतों की जमीन पर ओबी डंप किया गया है, उन्हें बीसीसीएल सीधे भुगतान करेगी। साथ ही उनकी भूमि की सीधी खरीदारी भी की जाएगी। जिन भूमि दाताओं की दो एकड़ या उससे अधिक जमीन चिन्हित होगी, उन्हें नियोजन देने की व्यवस्था की जाएगी, जबकि इससे कम भूमि देने वालों को मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।

 

बैठक में दामोदर नदी में किए गए ओबी डंपिंग की भी समीक्षा की गई। समिति ने संबंधित स्थल का निरीक्षण करने का फैसला लिया है, ताकि पर्यावरणीय और भूमि संबंधी प्रभावों का आकलन किया जा सके।

 

विधायकों ने बताया कि बुधवार को होने वाली बैठक में हर्ल, एफसीआई और डीवीसी के अधिकारियों को भी बुलाया गया है। इन संस्थानों द्वारा अधिग्रहित भूमि का विवरण मांगा गया है। इसके अलावा मैथन पावर लिमिटेड से भी भूमि अधिग्रहण और संबंधित मामलों की पूरी जानकारी तलब की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »