धनबाद पुलिस की नई पहल,SI और ASI को मिले सीधे दिशा निर्देश
AJ डेस्क: धनबाद पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में धनबाद पुलिस ने एक नई पहल की है। मंगलवार से पुलिस केंद्र में विशेष ब्रीफिंग कार्यशाला की शुरुआत की गई, जिसमें पहले दिन जिले के सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को प्रशिक्षण और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यशाला में एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब मौजूद रहे।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि अब तक डीएसपी, थाना प्रभारी और सर्किल ऑफिसर स्तर के अधिकारियों को ब्रीफिंग दी जाती थी, जो आगे अपने अधीनस्थ कर्मियों को निर्देश देते थे। लेकिन अब धनबाद पुलिस ने नई व्यवस्था के तहत सब-इंस्पेक्टर और सहायक सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को सीधे ब्रीफ करने का निर्णय लिया है, ताकि निर्देशों का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने बताया कि जिले में करीब 340 सब-इंस्पेक्टर और लगभग 500 सहायक सब-इंस्पेक्टर कार्यरत हैं। पहले चरण में एसआई स्तर के अधिकारियों को बैचवार प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि अगले पांच दिनों तक एएसआई स्तर के कर्मियों को भी विशेष ब्रीफिंग दी जाएगी।
कार्यशाला में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने, जनता के साथ बेहतर व्यवहार, ड्यूटी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा ट्रैफिक प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने 1000 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है।
धनबाद पुलिस का मानना है कि अधिकारियों और जवानों के साथ सीधे संवाद से पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार होगा, जवाबदेही बढ़ेगी और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने में बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे।
